ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी ने कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं - Travel & Tech

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Responsive Ads Here

Thursday, August 24, 2023

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी ने कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर ईरान, सेनेगल और मोजाम्बिक के राष्ट्रपतियों सहित कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं और उनके साथ आपसी हितों के मुद्दों तथा कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग का विस्तार करने के तरीकों पर चर्चा की. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने इथियोपियाई समकक्ष अबी अहमद अली के साथ एक “सार्थक बैठक” की. प्रधानमंत्री ने अफ्रीकी नेता से उस दिन मुलाकात की, जब ब्रिक्स नेताओं ने आधिकारिक तौर पर इस समूह में इथियोपिया के प्रवेश को मंजूरी दी.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ फलदायी बातचीत की. इथियोपिया के ब्रिक्स में शामिल होने पर उन्हें बधाई दी. हमने व्यापार, रक्षा और लोगों से लोगों के बीच संबंधों जैसे क्षेत्रों में रिश्तों को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की.” उनके कार्यालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की. प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स परिवार के नए सदस्य के रूप में इथियोपिया का स्वागत किया.

प्रधानमंत्री अली ने चंद्रयान मिशन की सफलता पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और इसे इथियोपिया तथा ‘ग्लोबल साउथ' के लिए गर्व व प्रेरणा का क्षण बताया. बागची ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “चर्चा में संसदीय संपर्क, विकास साझेदारी और क्षमता निर्माण, व्यापार और निवेश, रक्षा, आईसीटी, कृषि, युवाओं के कौशल और लोगों से लोगों के बीच संबंधों जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग का विस्तार करने के तरीकों पर चर्चा हुई.”

प्रधानमंत्री मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी से भी मुलाकात की और दोनों नेताओं ने व्यापार व निवेश, ऊर्जा, संपर्क, आतंकवाद और अफगानिस्तान सहित द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की. बागची ने कहा, “भारत-ईरान सभ्यतागत संबंधों को बढ़ावा देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जोहानिसबर्ग में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर ईरान के राष्ट्रपति सैय्यद इब्राहिम रईसी के साथ द्विपक्षीय बैठक की. प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स परिवार में शामिल होने पर ईरान को बधाई दी. राष्ट्रपति रईसी ने इसे (सदस्यता) हासिल करने में भारत के समर्थन के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया. राष्ट्रपति रईसी ने चंद्रयान मिशन की सफलता पर प्रधानमंत्री को बधाई भी दी.”

दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, ऊर्जा, संपर्क और आतंकवाद विरोधी क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की. उन्होंने कहा, “वे चाबहार परियोजना सहित बुनियादी ढांचे के सहयोग में तेजी लाने पर सहमत हुए. उन्होंने अफगानिस्तान सहित क्षेत्रीय विकास पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया.” ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) के नेताओं ने बृहस्पतिवार को अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को समूह के नए सदस्यों के रूप में शामिल करने का फैसला किया.

प्रधानमंत्री मोदी ने सेनेगल के राष्ट्रपति मैकी साल से भी मुलाकात की और द्विपक्षीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की. मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “जोहानिसबर्ग में राष्ट्रपति मैकी साल से वार्ता की. भारत सेनेगल को एक मूल्यवान विकास भागीदार मानता है. हमने अपनी बैठक में ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, रक्षा और अन्य क्षेत्रों पर चर्चा की.” विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों नेताओं ने एक “सार्थक बैठक” की, जिस दौरान राष्ट्रपति साल ने चंद्रयान मिशन की सफलता पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और कहा कि यह वैश्विक दक्षिण (ग्लोबल साउथ) के लिए एक प्रेरणा है.बागची ने कहा, “उन्होंने (साल ने) विकासशील दुनिया की प्राथमिकताओं की वकालत करने में प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की.”

मोदी मंगलवार को तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर दक्षिण अफ्रीका पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लिया. उन्होंने मोजाम्बिक के राष्ट्रपति फिलिप न्यूसी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की. बागची ने ‘एक्स' पर कहा, “हिंद महासागर क्षेत्र में एक प्रमुख भागीदार से संपर्क. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जोहानिसबर्ग में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर मोजाम्बिक के राष्ट्रपति फिलिप न्यूसी से मुलाकात की. राष्ट्रपति न्यूसी ने चंद्रयान मिशन की सफलता पर प्रधानमंत्री को बधाई दी. राष्ट्रपति न्यूसी ने एयू की जी20 स्थायी सदस्यता के लिए भारत की पहल की भी सराहना की.”

बागची ने कहा कि दोनों नेताओं ने संसदीय संपर्क, रक्षा, आतंकवाद का विरोध, ऊर्जा, खनन, स्वास्थ्य, व्यापार और निवेश, क्षमता निर्माण, समुद्री सहयोग तथा लोगों से लोगों के संबंधों सहित व्यापक क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की. बुधवार को उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति रामफोसा के साथ द्विपक्षीय बैठक की जिस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया तथा वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूत करने के लिए संयुक्त रूप से काम करने के तरीकों पर भी चर्चा की.



from NDTV India - Pramukh khabrein https://ift.tt/fDeBqFS

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages